


पूज्य सन्त एवं समाज सुधारक श्रीमान तरुण सागर जी,
जय हिन्द !
शायद आपको याद हो, आज से कोई 7 वर्ष पूर्व सूरत के सिटी लाइट में
श्रीमान बांठिया जी के बंगले पर आप से मेरी भेन्ट हुई थी । समाजसेवी पत्रकार
श्री गणपत भंसाली जी के कहने पर मैं आपसे मिलने और आपके श्रोताओं को
नवकार महामंत्र पर रचित मेरा प्रख्यात गीत सुनाने गया था । वहां आप भी थे,
आपके शिष्य भी थे और अनेक भक्तजन भी थे। मैंने वहां नवकार महामंत्र वाला
गीत तो सुनाया ही जनता की डिमाण्ड पर अपनी विशेष कविता
"जीवन एक क्रिकेट है "
भी पढ़ी जिसे लोगों के साथ साथ आपने भी ख़ूब सराहा था ।
कार्यक्रम के बाद आपने अपनी एक पुस्तक "कड़वे वचन " मुझे प्रदान की थी
और "जीवन एक क्रिकेट है" कविता मुझसे लिखित में चाही थी । सो मैंने
अपनी एक पुस्तक "सागर में भी सूखा है मन" आपको भेन्ट कर दी थी
जिसमे उक्त कविता प्रकाशित है । यहाँ तक मुझे कोई परेशानी नहीं । मेरी
परेशानी उस दिन शुरू हुई जब कवि-सम्मेलन में मेरी इस कविता को
सुन कर लोग कहने लगे कि ये तो तरुण सागर जी की कविता है .
मैं समझ नहीं पाता था कि लोग ऐसा क्यों कह रहे हैं । तब लोगों ने
बताया कि ये कविता हू बहू ऐसे ही तरुण सागरजी भी सुनाते हैं । मुझे
व्यावसायिक तकलीफ़ हुई लेकिन आत्मिक प्रसन्नता हुई कि किसी
सन्त ने मेरी कविता को इस लायक तो समझा .........सो मैंने इसे बर्दाश्त
कर लिया ।
परन्तु अभी आठ अप्रेल को हिन्दी दैनिक भास्कर के सभी संस्करणों में
जब यह कविता आपके हवाले से छपी तो मेरे दुःख और क्रोध का कोई
ठिकाना नहीं रहा । क्योंकि मेरी कविता मुझे मेरे बच्चे जैसी प्रिय है
और मैं कतई सहन नहीं करूँगा कि मेरे बच्चों का बाप कोई और कहलाये ।
इसलिए एक अन्य कवि कुमार विश्वास पर लिखते हुए मैंने इस
घटना का ज़िक्र करते हुए आप पर भी कुछ कड़वे वचन लिख दिए थे ताकि
आपकी ओर से कोई स्पष्टीकरण मिले, परन्तु अभी तक आपकी ओर से कोई
उत्तर नहीं आया है इसलिए आज विनम्र निवेदन करता हूँ कि कृपया मुझ
पर दया कीजिये और इस कविता को अपने प्रवचनों में सुनाना या तो बन्द
कर दीजिये या ये कह कर सुनाइये कि ये कविता सूरत निवासी हास्य कवि
अलबेला खत्री की है । मेरा नाम लेने से आपका कुछ घिस नहीं जायेगा जबकि
नहीं लेंगे तो आप पर कविता की चोरी का पाप लगेगा और अचौर्य तो जैन
धर्म का अभिन्न अंग है ये मुझे बताने की ज़रूरत नहीं आप स्वयं जानते हैं ।
सन्त शिरोमणि जी,
मैं एक व्यावसायिक कवि हूँ , कविता मेरी रोज़ी रोटी है और किसी की रोज़ी
रोटी पर चोट पहुँचाना एक सन्त के लिए शोभा नहीं देती । ओशो रजनीश
का कथन है कि सबसे बड़ा चोर वो, जो किसी दूसरे के काम का श्रेय चुराता है
इसीलिए आप स्वयं देख लीजिये ओशो ने हज़ारों कविताओं को अपने
प्रवचनों में स्थान दिया लेकिन बाकायदा उस कविता के कवि का ससम्मान
उल्लेख कर के ही रचना का उपयोग किया ।
अब जो रचना मेरी है, जिसे रचा मैंने है, जिस रचना पर पूरा अधिकार मेरा है
और जिस रचना को सजाया संवारा और लोकप्रिय मैंने बनाया है उस रचना
को आप ले उड़ें वो भी मुफ़्त में.......ये तो कोई न्याय न हुआ । लिहाज़ा मेरी
प्यारी रचना "जीवन एक क्रिकेट है" को भविष्य में जब भी काम लें,
मेरे नाम के साथ लें । वरना दिल यही कहेगा कि "मेहनत करे मुर्गा और अण्डे
खाए फकीर !"
ऊपर मैंने अखबार में छपी कविता भी दर्शा दी है और अपने संकलन
'सागर में भी सूखा है मन' में छपी कविता भी दर्शा दी है । अपना रुदन विलाप
भी ढंग से ही कर लिया है । अब निर्णय आपको करना है ।
- अलबेला खत्री
hindi hasyakavi sammelan in mangalore by MRPL
-
शानदार, शानदार, शानदार …………………
शानदार और जानदार रहा मंगलूर रिफ़ाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड द्वारा
राजभाषा विभाग के तत्वाधान में डॉ बी आर पाल द्वारा आ...
12 years ago





